देवघर: डीएवी पब्लिक स्कूल, कास्टर टाउन में पुण्यतिथि पर याद किए गए महात्मा एन. डी. ग्रोवर

प्रकाशनार्थ

——––———————————

आज दिनांक 06-02-2023 को गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, कास्टर टाउन, देवघर में डीएवी के भूतपूर्व निदेशक महात्मा नारायण दास ग्रोवर की 15 वीं पुण्यतिथि मनाई गई। प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार सिंह एवं शिक्षकों ने महात्मा नारायण दास ग्रोवर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्राचार्य, शिक्षकवृंद एवं बच्चों ने सामूहिक रूप से वैदिक हवन यज्ञ कार्यक्रम में भाग लिया। बच्चों द्वारा आज के दिन को स्मरणीय बनाने के लिए एक से बढ़कर एक भजन भी प्रस्तुत किया गया।


इस अवसर पर वर्ग तीसरी से पांँचवीं तक के बच्चों के लिए महात्मा नारायण दास ग्रोवर का चित्र बनाने की प्रतियोगिता और छठी व सातवीं के बच्चों के लिए ‘अथेश्वरस्तुतिप्रार्थनोपासनामंत्रा:’ का सस्वर वाचन प्रतियोगिता आयोजित की गई।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने महात्मा नारायणदास ग्रोवर के जीवन व उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के सभी वर्ग के लोगों के लिए अनुकरणीय है। वे उत्कृष्ट शिक्षाविद्, समाज सेवक, कुशल शिक्षक-प्रशिक्षक के साथ-साथ नेक इंसान भी थे। उनकी अगुवाई में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश,पंजाब, मध्य प्रदेश, ओडिशा एवं बंगाल में 250 से भी अधिक डीएवी विद्यालयों की स्थापना की गई।

उन्होंने आगे बताया कि महात्मा नारायण दास ग्रोवर डीएवी कॉलेज मैनेजमेंट कमेटी, नई दिल्ली के उपाध्यक्ष एवं पटना प्रक्षेत्र के निदेशक के रूप में आजीवन अवैतनिक कार्य किए।डीएवी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय क्रांति पैदा कर दी है। महिलाओं की शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने में उनकी भूमिका अग्रणी रही। गरीब बच्चों को शिक्षा एवं समाज को मुख्यधारा से जोड़ने में उनका अहम योगदान रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि महात्मा जी का जीवन दर्शन अनुकरणीय है।हम सभी को उनके त्याग व तपस्या से शिक्षा लेनी चाहिए।
चित्रांकन प्रतियोगिता में सम्राट कुमार को प्रथम, कार्तिक मुंडा को द्वितीय एवं तपस्या कुमारी को तृतीय पुरस्कार दिया गया। वहीं सस्वर मंत्रोच्चारण प्रतियोगिता में मन्नत शांडिल्या को प्रथम, रिचा आर्या को द्वितीय एवं आदित्या कुमार को तृतीय पुरस्कार दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिवानी बनिक, संगीता रानी, ममता मिश्रा, अनुराधा बाजला, अनुश्री, सर्वेश्वर पांडेय, शशिकांत दुबे, विजय मिश्रा, गोपाल कुमार झा सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही। उक्त बातों की जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।